
चकिया । सिल्वर बेल्स स्कूल चकिया में मंगलवार को पाँच दिवसीय स्काउट्स एवं गाइड्स शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों ने ध्वजारोहण के साथ स्काउट प्रतिज्ञा लेकर अनुशासन और सेवा भावना के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लिया। इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और सेवा भावना जैसे जीवनोपयोगी गुणों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, गांठ बांधना, कैम्पिंग कौशल, आउटडोर गतिविधियां और विभिन्न समूह आधारित प्रशिक्षण दिए जाएंगे, जिससे उनमें साहस, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष प्रभात जायसवाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स के माध्यम से बच्चों में सेवा, साहस और अनुशासन जैसे संस्कार विकसित होते हैं। ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिविर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।