
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर- मुगलसराय के राम मंदिर क्षेत्र निवासी नीरज जायसवाल जिले के पहले आर्मी ऑफिसर बन गए हैं। उन्होंने चेन्नई स्थित अफसर प्रशिक्षण अकादमी से प्रशिक्षण पूरा कर लेफ्टिनेंट के रूप में पास आउट किया है।
नीरज के पिता मनोज जायसवाल के अनुसार, नीरज की प्रारंभिक शिक्षा से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई मुगलसराय में हुई। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

नीरज ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा और एसएसबी इंटरव्यू दोनों पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण किए। एसएसबी इंटरव्यू बोर्ड ने उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास के आधार पर उनका चयन किया था।
लेफ्टिनेंट के रूप में पास आउट होने के बाद नीरज जब मुगलसराय स्थित अपने घर लौटे, तो परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया।
अपनी सफलता का श्रेय नीरज जायसवाल ने अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। नीरज ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हिम्मत, लगन और जुनून से कोई भी बड़ा सपना साकार किया जा सकता है।