
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)।
जमीन बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में सोमवार को सिरसी से पांडेयपुर बाजार तक किसानों और दुकानदारों ने पद मार्च निकालकर निजी जमीन पर प्रस्तावित नाला निर्माण के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्च में दर्जनों की संख्या में लोग शामिल हुए।
पद मार्च का नेतृत्व संघर्ष समिति के संयोजक गणेश बिंद और समाजसेवी साथी गुलाब चंद ने किया। मार्च सिरसी से शुरू होकर पांडेयपुर बाजार तक पहुंचा, जहां लोगों ने शासन और बंधी डिविजन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरसी से पांडेयपुर बाजार तक लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में पहले पीडब्ल्यूडी की जमीन है, लेकिन इसके बाद किसानों की निजी स्वामित्व वाली जमीनों में नाला बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इससे वहां वर्षों से बसे छोटे दुकानदारों और किसानों को उजड़ने का खतरा पैदा हो गया है।

पद मार्च के माध्यम से किसानों और दुकानदारों ने शासन से मांग की कि निजी जमीनों पर नाला निर्माण की योजना को तत्काल रोका जाए और प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा की जाए।
इस दौरान जालंधर प्रसाद, सुभाष, रामलाल शर्मा, अजय गुप्ता, सूरज, रामदुलारे यादव, सरोज कुमार, अदालती, पंचदेव बिंद, रामाश्रय, चंद्रबली, रामहरख, जितेंद्र सोनी, भगेलू, राकेश मिश्री, उदय, शंकर, इजहार शाह सहित कई लोग मौजूद रहे।