[smartslider3 slider="2"]

धानापुर बाजार में भटक रहीं दो महिलाओं को मिला सहाराः ‘अपना घर’ संस्था ने पहुंचाया सुरक्षित स्थान, प्रधान की सराहनीय पहल

Connect With Social Media

चंदौली। धानापुर बाजार में कई महीनों से भटक रहीं दो मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं को सोमवार दोपहर मानवीय पहल के तहत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस कार्य में प्रह्लादपुर ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ की पहल अहम रही, जिनके प्रयास से दोनों महिलाओं को राहत मिल सकी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों महिलाएं काफी समय से धानापुर बाजार और आसपास के इलाकों में भटक रही थीं। उनकी स्थिति को देखकर लोगों में चिंता बनी हुई थी। मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ ने पहल करते हुए ‘अपना घर’ संस्था से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था की टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने संरक्षण में लेने की प्रक्रिया शुरू की।
इस दौरान एक अप्रत्याशित स्थिति भी सामने आई। महिलाओं को लेकर जा रही एम्बुलेंस रास्ते में खराब हो गई। उस समय क्षेत्र में बंदी के कारण अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे कुछ देर के लिए समस्या खड़ी हो गई। स्थिति को देखते हुए ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो का किराया देकर दोनों महिलाओं को आगे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
मौके पर स्थानीय निवासी निक्कू श्रीवास्तव भी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अपने घर से मैक्सी वस्त्र लाकर दोनों महिलाओं को उपलब्ध कराए। इसके बाद संस्था की टीम की देखरेख में दोनों महिलाओं को सुरक्षित स्थान के लिए रवाना किया गया।

‘अपना घर’ संस्था से जुड़े रवि शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि संस्था पहले भी क्षेत्र से सैकड़ों असहाय और बेसहारा लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचा चुकी है और आगे भी इस तरह के मानवीय कार्य जारी रहेंगे।
इस सराहनीय कार्य में अमादपुर के मनीष सिंह और गोपाल राम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्थानीय लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

Leave a Comment

error: Content is protected !!