
चंदौली के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को नेशनल हाईवे-19 पर एक बड़ा हादसा हो गया। बिछिया गांव के पास सरसों तेल से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में हजारों लीटर तेल सड़क पर फैल गया, जिससे यातायात बाधित हुआ, हालांकि ट्रक चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।

यह घटना सोमवार को उस समय हुई जब आगरा से बिहार की ओर जा रहा सरसों के तेल से भरा ट्रक बिछिया गांव के समीप पहुंचा। अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया।

ट्रक के पलटते ही जोरदार आवाज हुई और उसमें भरा हजारों लीटर सरसों का तेल सड़क पर बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए भीषण जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य शुरू किया।

बाद में, क्रेन और हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया। इस दौरान सड़क पर फैले तेल को साफ करने का काम भी किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ट्रक को पूरी तरह से हटाकर मार्ग साफ कर दिया गया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो गया।