
चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार की तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से जा टकराया। इस दुर्घटना में चालक की जान बाल-बाल बच गई, हालांकि ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 5 बजे एक ट्रेलर अयोध्या से माल खाली करके बिहार के सासाराम जा रहा था। इसी दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के पास रिंग रोड पर चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से टकरा गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित बच गया। हालांकि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर को काफी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबी दूरी तय करने वाले चालकों को बीच-बीच में आराम करना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।