
रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली…
समाजवादी पार्टी ने चंदौली में बहुजन आंदोलन के प्रणेता और बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती पर पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) कार्यक्रम आयोजित किया। जिला मुख्यालय स्थित सपा कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में चंदौली के सांसद और सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि थे।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कांशीराम को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि कांशीराम ने वंचित और शोषित वर्गों को राजनीतिक चेतना प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वीरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कांशीराम को भारत रत्न देना पहला फैसला होगा।

सांसद ने उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई परीक्षा में एक प्रश्न के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द के उल्लेख पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर भ्रम की स्थिति है और यह दिल्ली बनाम लखनऊ की राजनीति का रूप ले रही है। उन्होंने ब्राह्मण समाज को समाज का सबसे जागरूक और चिंतनशील वर्ग बताया, जो हमेशा दिशा देने का काम करता है।

वीरेंद्र सिंह ने एलपीजी गैस की किल्लत के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने ‘नाली से गैस निकालकर चाय बनाने’ वाले बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा। सांसद ने मांग की कि यदि ऐसी कोई तकनीक मौजूद है, तो उसे संसद में देश के सामने प्रस्तुत किया जाए, ताकि आम लोगों को गैस की समस्या से राहत मिल सके और सस्ती गैस उपलब्ध हो।

कार्यक्रम के समापन पर, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूत करने का संकल्प लिया।