
मुगलसराय(चन्दौली) थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस के एक युवक ने दसवीं कक्षा की छात्रा को एक साल तक दुष्कर्म किया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पड़ोस के युवक ने प्रेम जाल में फंसाया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने एक साल तक लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने उसे मंदिर में ले जाकर शादी भी कर ली।
परिजनों को इस घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने लड़की की मांग में सिंदूर देखा। पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, लड़की हाई स्कूल में पढ़ती है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब परिजनों को शादी की जानकारी हुई और वे आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें गालियां दीं और घर से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
मुगलसराय कोतवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।