
मुग़लसराय(चंदौली)।पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को सैकड़ों संविदा कर्मचारियों के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित जल निगम कार्यालय पहुंचे।जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत ठेका प्रथा पर रखे गए ऑपरेटर-कम-चौकीदारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से समाधान की मांग की।
इस दौरान पूर्व विधायक ने एसडीएम से फोन पर वार्ता की, जिसके बाद जिलाधिकारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) तथा संबंधित ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक शुरू कराई गई। अधिकारियों की ओर से चार दिनों के भीतर समस्या के ठोस समाधान का आश्वासन दिया गया है।

मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यरत ऑपरेटर-कम-चौकीदारों से मात्र ₹5000 मासिक वेतन पर 24 घंटे ड्यूटी कराई जा रही है, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था संविदा कर्मचारियों के साथ अन्याय है और इसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने जल जीवन मिशन में बड़े स्तर पर घोटाले का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पानी की टंकियों और पाइपलाइन बिछाने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी गांवों में घर-घर शुद्ध पेयजल नहीं पहुंच सका है।
उन्होंने दावा किया कि कई निजी कंपनियों को 17 हजार करोड़ से लेकर 27 हजार करोड़ रुपये तक के ठेके दिए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 17 मार्च तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी और व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।