[smartslider3 slider="2"]

काली महाल में अवैध LPG रिफिलिंग गोदाम पर छापेमारी: 11 सिलेंडर व उपकरण बरामद,संचालक फरार

Connect With Social Media

मुगलसराय(चन्दौली)- नगर के काली महाल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एलपीजी गैस रिफिलिंग गोदाम पर शुक्रवार को प्रशासन ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से छोटे-बड़े कुल 11 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि यहां लंबे समय से घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। वहीं कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मकान में लगभग 10 कमर्शियल सिलेंडर पाए गए, जिनसे संबंधित कोई वैध अभिलेख मौके पर मौजूद नहीं था।
मकान मालकिन विधवा सरिता यादव ने अधिकारियों को बताया कि मकान संतोष जायसवाल नामक व्यक्ति को किराए पर दिया गया था, जिसने वहां गैस सिलेंडर रखे थे। छापेमारी की सूचना मिलते ही संबंधित व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी नियमताबाद के निर्देश पर यह छापेमारी की गई। मौके से बरामद सिलेंडरों और उपकरणों को कब्जे में ले लिया गया है तथा संबंधित गैस एजेंसी से भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त कर इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!