
चन्दौली के सकलडीहा तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने वनवासियों के साथ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए धानापुर क्षेत्र के सिहावल में वनवासियों को उनकी बंजर भूमि से हटाने के प्रशासनिक प्रयासों का विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सिहावल में सैकड़ों वर्षों से बंजर भूमि पर बसे वनवासी परिवारों को उजाड़कर वहां उत्सव भवन बनाने की योजना बनाई जा रही है। उनका कहना था कि करीब 3000 वर्गमीटर जमीन पर कई परिवार लंबे समय से रह रहे हैं और यदि उन्हें हटाया गया तो वे बेघर हो जाएंगे।
भाकपा माले नेता श्रवण कुशवाहा ने कहा कि सरकार गरीबों और वंचितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन भू-माफियाओं के इशारे पर वनवासियों को हटाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने मांग की कि उक्त भूमि का पट्टा वनवासियों के नाम किया जाए और उन्हें आवास की सुविधा दी जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वनवासियों को जबरन हटाने की कार्रवाई की गई तो भाकपा माले बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।
धरना-प्रदर्शन के बाद भाकपा माले नेताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम कुन्दन राज कपूर को सौंपा। इस दौरान श्रवण कुशवाहा, रामप्यारे सैनी, जोगिंदर, पुलिंदर, गुलाब, मोहन राम, चित्रा समेत सिहावल के बड़ी संख्या में वनवासी मौजूद रहे।