[smartslider3 slider="2"]

धानापुर में पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय किशोरी का शव, हत्या या आत्महत्या में उलझी गुत्थी

Connect With Social Media


धानापुर(चंदौली)। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सकरारी गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 16 वर्षीय छात्रा का शव कोहड़ा पुलिया के पास सीसम के पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16), पुत्री राजनरायन यादव के रूप में हुई है।


शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण और राहगीर शौच के लिए सकरारी गांव की ओर निकले, तो उनकी नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी का शव फंदे से लटका तो था, लेकिन उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। इस स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी ने किशोरी की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया होगा।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पूजा इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) की बोर्ड परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के बीच में घटी इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहाकि
“प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन घटना के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।”

Leave a Comment

error: Content is protected !!