
चकिया (चन्दौली)। चकिया कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में नौगढ़ थाना क्षेत्र के लौवारी कलां गांव निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी मामूली रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार लौवारी कलां निवासी परमेश्वर कुमार चौहान (45 वर्ष) अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर घर से चकिया की ओर आ रहे थे। गुरुवार को करीब डेढ़ बजे जैसे ही वह चकिया-अहरौरा मार्ग पर दूबेपुर स्थित डीसी रेस्टोरेंट के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही जेसीबी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही परमेश्वर कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी कामा मूली को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उधर जैसे ही परमेश्वर कुमार की मौत की सूचना परिजनों को मिली, पूरे परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।