
चकिया(चन्दौली)। क्षेत्र की दो महिला ग्राम प्रधानों को दिल्ली में आयोजित सशक्त पंचायत नेत्री अभियान के राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय पंचायत मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने दोनों महिला प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।चकिया क्षेत्र के सिकंदरपुर ग्राम पंचायत की प्रधान सीमा गुप्ता और उतरौत ग्राम पंचायत की प्रधान कंचन सिंह मौर्य को राष्ट्रीय महिला पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में उनके उत्कृष्ट कार्यों और पंचायत क्षेत्र में विकास व महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने दोनों महिला प्रधानों को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। दिल्ली से वापस लौटने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत भी किया। पंचायतीराज मंत्रालय, दिल्ली में भारत सरकार द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से चयनित 135 महिला जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने पंचायत स्तर पर उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं।
ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता और कंचन सिंह मौर्य ने अपने-अपने गांवों में कई उल्लेखनीय विकास कार्य कराए हैं। इनमें मॉडल पंचायत भवन, मॉडल अन्नपूर्णा भवन, मॉडल सामुदायिक शौचालय, विद्यालयों का कायाकल्प, अंत्येष्टि स्थल का निर्माण, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, आकर्षक प्रवेशद्वार तथा पंचायत की गलियों में स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल है। वही सीमा गुप्ता को 2023 में स्वच्छता भारत मिशन के तहत जिला अधिकारी चंदौली द्वारा सम्मानित किया गया था 2024 में मॉडल शौचालय निर्माण करने पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मान किया गया था 2025 में विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री ने लखनऊ में पुरस्कृत किया गया था 15 अगस्त 2025 को दिल्ली में लाल किले पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम में सीमा गुप्ता को सम्मानित किया गया था। इसी को लेकर ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता को सिकंदरपुर के ग्राम वासियों ने माला पहनकर ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया।
सचिन पटेल की रिपोर्ट