[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय नगर पालिका को तृतीय श्रेणी घोषित करना विकास पर विराम: बृजेश गुप्ता

Connect With Social Media

मुगलसराय।शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार पर मुगलसराय नगर पालिका की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुगलसराय नगर पालिका को जहां पहले से अधिक उच्च श्रेणी में होना चाहिए था, वहीं उसे तृतीय श्रेणी में घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय नगर के विकास को अवरुद्ध करने वाला है, जिससे नगरवासी अपने आप को अपमानित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब मुगलसराय का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया था, तब लोगों को उम्मीद थी कि नगर का विकास तेजी से होगा। लेकिन इसके विपरीत नगर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। आज मुगलसराय नगर पालिका अपने हालात पर आंसू बहाने को मजबूर है। शहर में विकास कार्य ठप पड़े हैं और चारों ओर गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है।
बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में सुविधाओं की स्थिति शून्य के बराबर है, जबकि नगरवासियों और व्यापारियों पर लगातार करों का बोझ बढ़ाया जा रहा है। गृहकर में 100 से 150 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी गई है और उस पर जुर्माना भी वसूला जा रहा है। इसके साथ ही साफ-सफाई के नाम पर यूजर टैक्स अलग से लिया जा रहा है, जबकि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और स्वच्छता व्यवस्था बदहाल है।
उन्होंने कहा कि जब मुगलसराय नगर पालिका को ‘सी ग्रेड’ में रखा गया है, तो उसी श्रेणी के अनुसार कर वसूला जाना चाहिए। लेकिन यहां महानगरों के बराबर कर वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। सुविधाओं के नाम पर मुगलसराय की हालत ग्रामीण क्षेत्रों से भी बदतर हो चुकी है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार और जिलाधिकारी से इस मामले पर तत्काल ध्यान देने की मांग करते हुए नगरवासियों और व्यापारियों को राहत दिलाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!