
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रेलवे सर्कुलेटरी एरिया में ऑटो रिक्शा चालक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 1000 ऑटो चालकों को गमछा देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित हुए। उन्होंने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाया।

कार्यक्रम में आरपीएफ प्रभारी प्रदीप रावत और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने सभी ऑटो चालकों को होली की बधाई दी और उन्हें गमछा भेंट कर सम्मानित किया।

यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने भी समारोह में शिरकत की। उन्होंने ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहती है।

इस अवसर पर ऑटो रिक्शा चालक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजी मिश्रा, उपाध्यक्ष गुलाब यादव, मंत्री अशोक सोनकर, तापस, गुड्डू यादव और मंटू गुप्ता सहित कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में चालकों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों को सुरक्षित सेवा प्रदान करने का संकल्प लिया।