
चंदौली। सकलडीहा विद्युत वितरण खंड तृतीय के कार्यालय में बुधवार को नरेश कुमार ने अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान, बिजली चोरी पर रोक और राजस्व वसूली को अपनी प्राथमिकता बताया।
यह पद करीब एक महीने से रिक्त चल रहा था। इससे पहले 14 फरवरी को अमड़ा उपकेंद्र के अदसड़ गांव में हाईटेंशन तार टूटने की घटना के बाद तत्कालीन एक्सईएन समेत कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी।
घटना के दिन अरगी गांव निवासी लाइनमैन सरदुम फाल्ट ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचा था। उसने अमड़ा उपकेंद्र से शटडाउन लिया था, लेकिन तकनीकी चूक के कारण चिरईगांव फीडर की लाइन बंद करने के बजाय विरासराय पंप कैनाल की लाइन बंद कर दी गई। जैसे ही लाइनमैन पोल पर चढ़ा, वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस गंभीर लापरवाही के मामले में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन एक्सईएन विपिन कुमार, एसडीओ मदन गोपाल श्रीवास्तव, जेई इंद्रजीत सिंह समेत अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।
मेरठ के मूल निवासी नरेश कुमार इससे पहले वाराणसी जोन में कार्यरत थे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीओ सियाराम यादव, जेई मनीष कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे