
डीडीयू रेलवे परिसर क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है।
बुधवार को भी एक ऐसी ही घटना सामने आई, जब एक युवक को बंदर ने दौड़ाकर काट लिया। जानकारी के अनुसार, मुगलसराय के चतुर्भुजपुर निवासी राजेश चौधरी डीडीयू रेलवे परिसर क्षेत्र से होकर जा रहे थे।
इसी दौरान अचानक एक बंदर ने उन्हें दौड़ा लिया और उनकी पीठ पर काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद घायल युवक ने राजकीय महिला चिकित्सालय पहुंचकर अपना उपचार कराया।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बना हुआ है और कई लोगों को बंदर काट चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।