[smartslider3 slider="2"]

कर्मनाशा स्टेशन से चोरी हुआ 3 लाख का BRN ब्रिज बरामद, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

Connect With Social Media


डीडीयू मंडल- पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत सासाराम रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ से दो माह पहले कर्मनाशा स्टेशन से चोरी हुए रेलवे के कीमती BRN ब्रिज को बरामद कर लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद किए गए BRN ब्रिज की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो माह पहले कर्मनाशा स्टेशन पर सीमेंट स्लीपर बदलने वाली मशीन की TRM रेक से एक BRN ब्रिज चोरी हो गया था। इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सासाराम में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान आरपीएफ को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि कर्मनाशा स्टेशन के उत्तर स्थित नरमा गांव के कुछ लोग चोरी किए गए माल को छिपाकर रखे हुए हैं और उसे निकालकर ले जाने की फिराक में हैं।


सूचना के आधार पर 10/11 मार्च की रात को आरपीएफ सासाराम के निरीक्षक संजीव कुमार और सीआईबी डीडीयू के निरीक्षक अर्जुन यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कर्मनाशा स्टेशन के उत्तर में स्थित सड़क और तालाब के आसपास रात में एम्बुश लगाकर निगरानी शुरू की।


रात करीब 12:30 बजे तीन संदिग्ध व्यक्ति तालाब से एक लंबा और भारी लोहे का सामान निकालते दिखाई दिए। शक होने पर टीम ने उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन तीनों आरोपी लोहे का सामान छोड़कर भागने लगे। आरपीएफ टीम ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शशिकांत कुमार उर्फ खब्बी (26), छोटू पासवान (30) निवासी नरमा थाना दुर्गावती जिला कैमूर तथा उज्जवल कुमार (19) निवासी घटाव थाना कुदरा जिला कैमूर बताया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मकर संक्रांति से पहले लूप लाइन में खड़ी TRM रेक से BRN ब्रिज खोलकर चोरी किया था और उसे रेलवे लाइन के उत्तर स्थित तालाब में छिपा दिया था। आरपीएफ की लगातार छापेमारी के कारण वे इसे निकाल नहीं पाए थे।फिलहाल आरपीएफ ने बरामद BRN ब्रिज को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!