
अलीनगर(चंदौली)। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ताराजीवनपुर शाखा ने वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और आमजन को सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को बीमा और बैंकिंग सेवाओं के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया गया।
इसी अवसर पर, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत लाभान्वित श्रीमती प्रेम लता को ₹2,00,000/- की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। श्रीमती प्रेम लता सदलपुरा, जनपद चंदौली निवासी स्वर्गीय गोविंद की पत्नी हैं। उपस्थित लोगों को योजना के लाभ और सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) बिजेन्द्र कुमार, चंदौली के अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) एस. के. भगत, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मंतोष कुमार सिंह, ताराजीवनपुर शाखा प्रबंधक विक्रांत कुमार झा और वित्तीय समावेशन अधिकारी महेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़कर अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करें। ग्रामीणों ने इस जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बैंक के प्रयासों की सराहना की।