[smartslider3 slider="2"]

पीडीडीयू नगर तहसील में फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष अभियान शुरू, 31 मार्च तक गांव-गांव लगेंगे कैंप

Connect With Social Media

पीडीडीयू नगर(चंदौली)। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से पीडीडीयू नगर तहसील में मंगलवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत 10 मार्च से 31 मार्च तक गांव-गांव में कैंप लगाकर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रशासन द्वारा शेष किसानों को जागरूक कर उनका रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार पीडीडीयू नगर तहसील के पांच गांवों में अभी भी 1065 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है, जिन्हें अभियान के माध्यम से पंजीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है।


इसी क्रम में कठौरी गांव के सचिवालय परिसर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का आयोजन किया गया। यहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों का पंजीकरण किया गया, ताकि उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। कैंप में कुल 96 किसानों का सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
इस दौरान एसडीएम अनुपम मिश्रा, बीडीओ रूबेन शर्मा, जे-बीडीओ शरद चंद्र शुक्ला और तहसीलदार राहुल सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं होगी, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।


एसडीएम अनुपम मिश्रा ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके। प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से सभी शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराई जाएगी और किसी भी पात्र किसान को योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!