
चहनियां(चन्दौली)। मोलनापुर गांव में बिकास व्यवस्थाओं की पोल खुल रही है। श्री महादेव मंदिर के पास जिला पंचायत द्वारा बनवाई गई सीवर नाली का ढक्कन पिछले छह महीनों से टूटा पड़ा है। बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं, जिससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को मौके पर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण के मात्र 10 दिन बाद ही घटिया सामग्री के कारण ढक्कन टूट गया था। तब से लेकर आज तक नाली खुली पड़ी है। चूँकि यह मार्ग महादेव मंदिर के पास से होकर जाता है, इसलिए यहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। साथ ही गांव के बच्चे भी इसी रास्ते से स्कूल पढ़ने जाते हैं।

खुली नाली के कारण आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थिति इतनी बदतर है कि अक्सर दुपहिया और चार पहिया वाहन नाली में फंस जाते हैं, जिन्हें ग्रामीण कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालते हैं।मंगलवार को बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाली पर नया ढक्कन नहीं लगवाया गया, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से बद्री यादव कन्हैया यादव जगत यादव अनिल यादव पीयूष यादव, समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।