
चंदौली जिले के सकलडीहा ब्लॉक परिसर के पास किसानों का धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल के नेतृत्व में किसान बंदरों के बढ़ते आतंक और बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
धरना दे रहे किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि लोग घरों से निकलने में भी डरने लगे हैं। पिंटू पाल ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि बंदर स्कूल जाने वाले बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं, वहीं दुकानदारों और व्यापारियों को भी काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
किसान यूनियन ने बिजली विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुराने मीटर हटाकर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी वृद्धि हो रही है। कई उपभोक्ताओं को भुगतान करने के बाद भी अधिक राशि के बिल मिल रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है।
पिंटू पाल ने बताया कि प्रशासन को 9 मार्च तक समस्याओं के समाधान का समय दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर किसानों ने धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं बिजली विभाग के एसडीओ का कहना है कि विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान भी किया जा रहा है। बंदरों की समस्या को लेकर वन विभाग के डीएफओ शिव शंकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
धरने में दीनानाथ श्रीवास्तव, गुड्डू पासवान, मोहन यादव, जिउत पाल, अखिलेश यादव, गोलू, बघेल यादव, निखिल यादव, विवेक यादव, मुरारी यादव, छोटू यादव, प्रमोद सिंह, संजय यादव (प्रधान) और ओमप्रकाश यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।