
चंदौली- जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर तहसील क्षेत्र में किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत 31 मार्च तक गांव-गांव में शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण किया जाएगा, ताकि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई के निर्देश पर चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार पीडीडीयू नगर तहसील के पांच गांवों में अब भी 1065 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है। ऐसे किसानों को जागरूक करते हुए शिविरों के माध्यम से उनका पंजीकरण कराया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को कठौरी गांव के सचिवालय परिसर में फार्मर रजिस्ट्री शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से किसानों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान कुल 96 किसानों ने अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराई।

शिविर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनुपम मिश्रा, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रूबेन शर्मा, बीडीओ शरद चंद्र शुक्ला तथा तहसीलदार राहुल सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं होगी, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं। प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से सभी शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली जाएगी, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए