
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (चंदौली)। बिहार के मौलाना सलीम द्वारा मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की माता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में महिलाओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय महिलाओं ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
महिलाओं का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की माता के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि मां का स्थान समाज में सर्वोच्च माना जाता है और किसी की भी मां के सम्मान के साथ इस तरह की भाषा का प्रयोग करना पूरे समाज का अपमान है।
महिलाओं ने प्रदेश सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को मिले सुरक्षा और सम्मान की भी सराहना की। उनका कहना है कि वर्तमान समय में महिलाएं बिना भय के घर से बाहर निकलकर काम कर रही हैं और सुरक्षित वापस लौट रही हैं। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी प्रशंसा की गई।

सलोनी सिंह राठौड़ ने इस टिप्पणी को बेहद शर्मनाक बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रियंका तिवारी ने कहा कि जब पूरा देश महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में किसी महिला का अपमान करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने मौलाना सलीम की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
कोमल गुप्ता ने इस घटना को आपत्तिजनक और दुखद बताया। ज्योति गुप्ता ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कठोरतम सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

ममता तिवारी ने कहा कि मां का अपमान करना पूरे समाज को शर्मसार करने जैसा है और ऐसी भाषा का प्रयोग किसी भी व्यक्ति को नहीं करना चाहिए। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।