
चंदौली में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से लगभग 1.40 करोड़ रुपये मूल्य की 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-19 पर जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी में ट्रक में धागा लपेटने वाले कागज की गुल्लियों के नीचे बड़ी चालाकी से शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। गहन जांच के बाद ट्रक से कुल 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (लगभग 7473.36 लीटर) बरामद हुई।

बरामद शराब की बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” लिखा हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि यह शराब नोएडा (दादरी) से बिहार ले जाई जा रही थी। तस्करों की योजना बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर इसे ऊंचे दामों पर बेचने की थी।
पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मैनपुरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बरामद ट्रक को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चंदौली के एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा। उन्होंने पुष्टि की कि तलाशी के दौरान ट्रक से 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया गया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।