मुगलसराय(चन्दौली) विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए गार वरलक्ष्मी फाउंडेशन ने एक नई पहल शुरू की है। फाउंडेशन द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों और रेलवे स्टेशन परिसर के आसपास रहने वाले जरूरतमंदों तक मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। यह उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जिन्हें अस्पताल पहुंचने में कठिनाई होती है।
इस मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन के माध्यम से डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी सीधे लोगों के बीच पहुंचकर जांच करते हैं और आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराते हैं। वैन में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था है, जिससे कई सामान्य बीमारियों का मौके पर ही इलाज संभव हो पाता है।

यह सुविधा विशेष रूप से दैनिक मजदूरी करने वाले, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए लाभकारी साबित हो रही है। अब तक लगभग 1000 लोगों को निशुल्क दवाएं वितरित की जा चुकी हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोबाइल मेडिकल यूनिट नियमित रूप से इलाके में आती है और जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज प्रदान करती है। स्थानीय निवासी शोएब ने बताया कि यह वैन बिना किसी शुल्क के दवाएं देती है और सामान्य बीमारियों का इलाज उपलब्ध कराती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दवा देने से पहले स्वास्थ्यकर्मी मरीज का पूरा परिचय और आवश्यक जानकारी दर्ज करते हैं।
