
अलीनगर(चंदौली)- मुग़लसराय को सिकटिया होते हुए पंचवटी(रामनगर) को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क पर बड़े गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त नाबदान का पानी भी सड़क पर बह रहा है जिससे स्थिति और नारकीय गई है। लोगों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

सड़क की खराब हालत के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात या पानी जमा होने पर यह समस्या और गंभीर रूप ले लेती है।स्थानीय निवासियों जिनमें मनोज त्रिपाठी, मनोज यादव, रोहित, विवेक, संतोष, अजय, विकास, धर्मेंद्र, मोहित, राजेश और रवि ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू तो हुआ है। लेकिन इसकी गति अत्यंत धीमी है। इस कारण लोगों को लंबे समय से असुविधा हो रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से जल्द राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो।
