
चंदौली- पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला अस्पताल के सामने एक मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि मझवार स्टेशन के आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर, जिला अस्पताल के ठीक सामने एक निजी अस्पताल के पास स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक संयुक्त टीम बनाई और मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान अमरावती (33), पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार, निवासी प्रतापपुर, थाना चंदौली के रूप में हुई है। गिरफ्तार पुरुष रजत जायसवाल उर्फ मोनू (32), पुत्र बंधूराम जायसवाल, निवासी वार्ड नंबर 8, किदवई नगर, चंदौली बताया गया है।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कंडोम, शक्ति वर्धक दवा की डिब्बियां और अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद की है।
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर बाहरी महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से पैसे लेकर देह व्यापार कराती थी।मामले में कोतवाली चंदौली में मु०अ०सं० 93/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/7 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।