
चंदौली। पाण्डेय पूरी स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के तत्वावधान में रविवार को विभा स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिवंगत विभा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभा स्मृति ज्ञान-विज्ञान प्रतियोगिता 2026 के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और अतिथियों ने विभा के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए SFI के प्रदेश अध्यक्ष पार्थ सारथी ने कहा कि छात्रों का मुख्य दायित्व पढ़ाई करना है, लेकिन मौजूदा समय में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति, निजीकरण और बाजारीकरण के खिलाफ छात्रों का संघर्ष भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षा के अधिकार और बेहतर व्यवस्था के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी।
वहीं SFI के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने भी सभा को संबोधित करते हुए छात्र एकता और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभा स्मृति ज्ञान-विज्ञान प्रतियोगिता 2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 6, 7 और 8 वर्ग में गौरी कुमारी बिंद ने प्रथम, आर्यन प्रजापति ने द्वितीय तथा आयुष यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 9, 10, 11 और 12 वर्ग में सूरज कुमार को प्रथम, शालू यादव को द्वितीय और काजल सिंह को तृतीय स्थान मिला। सभी विजेताओं को स्कूल बैग, गंजी और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर साथी गुलाब चंद, सतीश चंद, जालंधर, मिठाईलाल, नेहा कुमारी, प्रियंका कुमारी और अरुण कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक आदित्य कुमार उर्फ नमस्कार ने की, जबकि नीरज कुमार ने संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
