[smartslider3 slider="2"]

सकलडीहा पीजी कॉलेज में NSS का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू

Connect With Social Media

सकलडीहा-एनएसएस के तहत सकलडीहा पीजी कालेज इकाई द्वारा सोमवार को सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर टिमिलपुर स्थित आदि शक्ति मंदिर परिसर के अमृत सरोवर क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस शिविर में स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक सेवा और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धानापुर के डॉ. नौशाद अहमद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने की।

विशिष्ट अतिथियों में प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, अजय कुमार यादव, डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता तथा ग्राम टिमिलपुर के प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार मौजूद रहे।
शिविर की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई और पंजीकरण प्रक्रिया के साथ हुई। उद्घाटन सत्र में डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली तथा युवाओं में सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।


मुख्य अतिथि डॉ. नौशाद अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। इसके जरिए छात्र-छात्राएं समाज की वास्तविक समस्याओं से रूबरू होते हैं और उनके समाधान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि NSS युवाओं को समाज के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और कौशल विकास को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर के दौरान अनुशासन और समर्पण के साथ सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बौद्धिक सत्र में प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्ययोजना और सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन NSS के कार्यक्रम अधिकारी श्याम लाल सिंह यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं तथा महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!