
चंदौली- सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद तनाव बढ़ गया है। इस मामले को लेकर जय भारत मंच के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि वायरल वीडियो में मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने कुछ ऐसे बयान दिए हैं, जिनसे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वीडियो में उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित गौवंश को लेकर भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।

इसके अतिरिक्त, संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को लेकर की गई टिप्पणी पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

जय भारत मंच के काशी प्रांत अध्यक्ष उपेंद्र नाथ सिंह ‘गुड्डू’ ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में की गई टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे बयान समाज में वैमनस्य फैलाते हैं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, जय भारत मंच के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि किसी को भी ऐसी बयानबाजी की छूट नहीं दी जा सकती, जिससे समाज की शांति और सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।