
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर( अशोक कुमार जायसवाल)चन्धासी कोल मंडी में सोमवार को चन्धासी कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन का स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन एसोसिएशन की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर कोयला मंडी के व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, कर्मचारी और सहयोगी मजदूर शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन चन्धासी स्थित कालिका सिंह कटरा के सामने किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कोयला मंडी के संस्थापक एवं तत्कालीन अध्यक्ष (मार्च 1976) स्मृतिशेष डॉ. सुरेश कुमार गर्ग और उनकी टीम के योगदान को याद किया गया। आयोजकों ने बताया कि चन्धासी कोल मंडी को वर्तमान मुकाम तक पहुंचाने में संस्थापकों और व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
समारोह के साथ ही होली मिलन समारोह और एक कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध हास्य कवि “सांड़ बनारसी” और उनके साथियों ने काव्य गोष्ठी प्रस्तुत की, जो उपस्थित लोगों के मनोरंजन का केंद्र रही।

एसोसिएशन के संस्थापक सतीश जिंदल ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष मोहित बागड़िया, उपाध्यक्ष अशोक कानोडिया, सचिव हरिशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष देशदीप मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी, व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, कर्मचारी और श्रमिक उपस्थित थे।