
मुगलसराय(चन्दौली)- जीटी रोड स्थित रसकुंज मिठाई की दुकान के दूसरे तल पर संचालित कारखाने में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। यह घटना करीब 1 बजे हुई, जिससे इलाके में हलचल मच गया। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के मकानों और दुकानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर की घनी आबादी के बीच संचालित कई मिठाई कारखानों में मानक के अनुरूप अग्निशमन उपकरण नहीं लगाए गए हैं। यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।घनी आबादी और रिहायशी इलाके के बीच ऐसे कारखानों के संचालन की अनुमति देने वाले विभागों पर भी सवाल उठ रहे हैं आखिर फायर विभाग सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के बावजूद रिहायशी इलाकों में कारखाना चलाने की अनुमति कैसे देता है।
इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि मिठाई कारखानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।