
चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र के अमरा उत्तरी गांव में कवरेज के दौरान एक पत्रकार के साथ कथित तौर पर अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने खबर कवरेज करने से नाराज होकर पत्रकार के साथ बदसलूकी की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मोबाइल छीनने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित पत्रकार के अनुसार वह गांव में एक मामले की कवरेज करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और खबर प्रकाशित न करने का दबाव बनाने की कोशिश की। आरोप है कि जब पत्रकार ने इसका विरोध किया तो ग्राम प्रधान ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद पत्रकार ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन तहरीर दिए जाने के लगभग 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज न होने से पत्रकारों और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा।

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। बताया जा रहा है कि चंदौली पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल Twitter (अब एक्स) पर शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपी ग्राम प्रधान खुलेआम घूम रहा है और अभी तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। तो वही पत्रकार पर भी जान माल का खतरा मंडरा रहा है।
पत्रकार संगठनों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।