[smartslider3 slider="2"]

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सरने गांव में जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम, 250 महिलाओं-किशोरियों ने लिया हिस्सा

Connect With Social Media

नियामताबाद(चन्दौली) वेलस्पन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज एवं उसकी सहयोगी संस्था समर्पण के संयुक्त प्रयास से प्रोजेक्ट वेल स्वास्थ्य के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सरने में एक भव्य जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व से अवगत कराना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना समन्वयक रितेश कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और उनके सशक्तिकरण के बिना वास्तविक प्रगति संभव नहीं है।


इसके बाद आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा आर्थिक अवसरों से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण, एनीमिया और स्वच्छता, महिलाओं के अधिकार एवं सुरक्षा कानून, स्वयं सहायता समूह, स्वरोजगार तथा डिजिटल साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए महिलाओं एवं किशोरियों के बीच विभिन्न मनोरंजक खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, स्पून एंड मार्बल रेस तथा “शो योर टैलेंट” जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन सभी गतिविधियों का संचालन और समन्वय मिस आरती द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को उपयोगी उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।


कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संस्था की टीम से रीता देवी, सुनीता, प्रदीप कुमार, आरती, प्रेमलता, सविता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं गांव की महिलाओं एवं किशोरियों में संजू कुमारी, अर्चना कुमारी, रितु कुमारी, प्रतिभा कुमारी, लक्ष्मी, रीमा देवी, प्रियंका देवी, वृंदा देवी, गुड़िया देवी, राधिका सहित अन्य ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के संचालन में रोहित कुमार और मोहित कुमार ने भी सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों के लिए जागरूकता, प्रेरणा और सहभागिता का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!