
चकिया (चन्दौली)- पंचायतीराज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन में चकिया क्षेत्र की दो महिला ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत सिकंदरपुर की ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता तथा ग्राम पंचायत उत्तरोत की ग्राम प्रधान कंचन देवी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि से चकिया क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और क्षेत्र के लोगों ने इसे गौरव का विषय बताया है।
पंचायतीराज विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र के अनुसार, देशभर में पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला जनप्रतिनिधियों को इस सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देना और पंचायतों में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

बताया गया कि सम्मेलन में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें वूमेन एक्सीलेंस अवॉर्ड दीनदयाल पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार तथा महिला हितैषी ग्राम पंचायत जैसी श्रेणियां शामिल हैं। चयनित महिला जनप्रतिनिधियों को उनके विकास कार्यों, जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन और पंचायत में बेहतर नेतृत्व के लिए सम्मानित किया जाएगा।
चकिया क्षेत्र की ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता और कंचन देवी द्वारा अपने-अपने ग्राम पंचायतों में किए गए विकास कार्यों, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन को देखते हुए उनका चयन इस राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए किया गया है। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला पंचायत प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगी और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। चकिया क्षेत्र की दोनों महिला प्रधानों के चयन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।