
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर अपने गृह क्षेत्र चंदौली पहुंचे, जहां उन्होंने सकलडीहा में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने डेमोक्रेटिक भर संगठन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सकलडीहा तहसील को मॉडल तहसील के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यहां के लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “अखिलेश यादव को अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है। बिना जानकारी के बयान देना उनकी आदत बन गई है।”
विदेश नीति पर सपा नेताओं के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि “जो लोग अपने घर और प्रदेश की नीति नहीं बना पा रहे हैं, वे विदेश नीति पर सवाल उठा रहे हैं, यह आश्चर्य की बात है।”
श्रम विभाग के कार्यों का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश श्रम विभाग के कामकाज में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने बताया कि ई-श्रम पोर्टल पर सबसे ज्यादा श्रमिकों का पंजीकरण उत्तर प्रदेश में हुआ है, जो राज्य सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों का परिणाम है।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, मजदूर और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में भी विकास की गति इसी तरह जारी रहेगी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।