[smartslider3 slider="2"]

जुआरियों शोहदों का जमावड़ा: स्कूली छात्राओं का निकलना हुआ मुश्किल,मथेला बस्ती का मामला

Connect With Social Media

बलुआ(चन्दौली) जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला बस्ती के समीप स्थित मुख्य चौराहे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। दिनदहाड़े यहां जुए की फड़ लगने और लफंगों के खुलेआम जमावड़े से इलाके का माहौल बिगड़ता जा रहा है, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर अब तक उदासीन नजर आ रहा है।
चौराहे पर खुलेआम जुए का खेल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मथेला बस्ती के पास स्थित चौराहे पर आए दिन चार-पांच युवक खुलेआम जुआ खेलते देखे जाते हैं। जुए की इस फड़ के कारण वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। सबसे चिंता की बात यह है कि इसी रास्ते से होकर रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जुआ खेलने वाले युवक वहां से गुजरने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं और छींटाकशी भी करते हैं, जिससे छात्राओं और उनके परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है।
छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा
अभिभावकों का कहना है कि बेटियों को स्कूल भेजते समय उन्हें असुरक्षा का एहसास होता है। कई छात्राओं को मजबूरी में रास्ता बदलकर जाना पड़ रहा है या फिर किसी परिजन के साथ ही स्कूल जाना पड़ता है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से न तो नियमित गश्त बढ़ाई गई और न ही इन युवकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई, जिससे इनके हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।


प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं के बावजूद प्रशासन चुप क्यों है। लोगों का कहना है कि क्या पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है?
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जुए के इस अड्डे को बंद नहीं कराया गया और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे।


पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के भोल यादव, लालमन राम, शिसागर, सुनील कुमार और अक्षय कुमार सहित कई ग्रामीणों तथा महिलाओं ने बलुआ थाना प्रभारी से मांग की है कि स्कूल आने-जाने के समय चौराहे पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने वाले युवकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते यदि प्रशासन ने कदम नहीं उठाया, तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!