
चंदौली। सकलडीहा विकास खंड सभागार में शनिवार को ग्रामीण पेयजल योजना के तहत जल जीवन मिशन पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दूसरे दिन ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शुद्ध पेयजल के महत्व तथा जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान गांवों में जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना और उसके लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य हर घर तक नल से शुद्ध जल पहुंचाना है। इससे ग्रामीणों को साफ और सुरक्षित पानी मिलेगा तथा दूषित जल से होने वाली बीमारियों से बचाव संभव होगा। उन्होंने बताया कि इस योजना से दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
वहीं बीडीओ विजय कुमार सिंह ने जल जीवन मिशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीणों को इस योजना के तहत उपलब्ध शुद्ध पानी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी लाई जा सके।
एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय ने बताया कि कार्यशाला में प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रधानों, पंचायत सहायकों और स्वयं सहायता समूहों को जल के महत्व और इसके संरक्षण के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत मिलने वाला पानी गहराई से निकाला जाता है और यह प्रमाणित व सुरक्षित होता है। इसके उपयोग से लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलने के साथ ही जल संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य का लाभ मिलेगा।
कार्यशाला में ट्रेनर उषा शर्मा और अजय कुमार ने भी प्रतिभागियों को जल जीवन मिशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमित सिंह, भाई राम, रामसूरत राजभर, अमरनाथ खरवार, अशोक कुमार, विजय चौहान, गुलाब मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।