[smartslider3 slider="2"]

डीडीयू नगर में मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण बना बड़ी समस्या, फुटपाथ बंद होने से सड़क पर चलने को मजबूर पैदल यात्री

Connect With Social Media

डीडीयू नगर (चंदौली)। अशोक कुमार जायसवाल
नगर के मुख्य मार्गों पर बढ़ता अतिक्रमण अब गंभीर समस्या का रूप ले चुका है। जीटीआर ब्रिज से नई बस्ती तक लगभग दो किलोमीटर लंबे फुटपाथों पर 300 से अधिक ठेले, खोमचे और अस्थायी दुकानें कब्जा जमाए हुए हैं। फुटपाथ पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण रोजाना करीब 20 हजार पैदल यात्रियों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थिति इसलिए भी अधिक चिंताजनक हो गई है क्योंकि नगर में स्थित देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल डीडीयू जंक्शन पर प्रतिदिन लगभग 20 हजार बाहरी यात्रियों का आवागमन होता है।

स्टेशन से बाहर निकलते ही मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण यात्रियों को भीड़भाड़ और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहनों और राहगीरों के बीच टक्कर की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
नगर पालिका और पुलिस प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हैं, लेकिन उसका असर ज्यादा दिनों तक नहीं दिखता। हटाए गए ठेले और अस्थायी दुकानें कुछ ही दिनों में फिर से वहीं लग जाती हैं। इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है, क्योंकि उन्हें भारी वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है।


जीटीआर ब्रिज से नई बस्ती तक दोनों ओर सड़क किनारे की पटरी पूरी तरह अवैध कब्जे में है। कई दुकानदार फुटपाथ के बाद सड़क तक अपना सामान फैला देते हैं, जिससे वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। नतीजतन, जाम की समस्या आम हो गई है। व्यस्त समय में लोगों को कुछ मीटर का रास्ता तय करने में कई बार आधा घंटे तक का समय लग जाता है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ पर दुकानें लगने से बच्चों और बुजुर्गों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है। कई बार लोग हादसे से बाल-बाल बच चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण के खिलाफ स्थायी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!