[smartslider3 slider="2"]

ग्रामीणों ने खुद संभाली नाली सफाई की कमान,दुल्हीपुर की करवत ग्राम पंचायत में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

Connect With Social Media

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के दुल्हीपुर स्थित करवत ग्राम पंचायत में नालियों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण ग्रामीणों ने खुद सफाई की कमान संभाली। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने मिलकर गांव की नालियों से गंदगी हटाई।

ग्रामीणों में ग्राम प्रधान रसना देवी (प्रधान प्रतिनिधि विजय पटेल की पत्नी) के प्रति असंतोष था। उनका आरोप है कि गंदगी और जाम नालियों के कारण पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय निवासी पूनम देवी ने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान को सूचना दी गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने ग्राम प्रधान और प्रशासन पर गांव में अवैध शराब की खरीद-बिक्री में मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

एक अन्य स्थानीय निवासी रामलाल पटेल ने कहा कि गांव में सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं आता। जब वह आता भी है, तो केवल हल्की-फुल्की सफाई करके फोटो खींचकर चला जाता है, जिससे नालियां चोक रहती हैं और उनका गंदा पानी सड़कों पर बहता है।

आशीष कुमार पटेल ने जानकारी दी कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई थी, लेकिन वहां भी केवल खानापूर्ति की गई और फर्जी हस्ताक्षर कर कार्य पूरा दिखा दिया गया। उन्होंने ऐसे सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि उन्हें खुद सफाई करने के लिए मजबूर न होना पड़े। इस सफाई अभियान में प्रदीप, दिनेश, टिंकू, नामवर, रोहित, बाली, संतोष, हिमांशु, बृजेश, विक्की, रोहन, रामजन्म, मनीष, राजेश, अमरजीत, विकास, गोविंद, विशाल, सावित्री देवी, पूनम देवी, आरती देवी, कृष्ण, चंपा देवी और सुनीता देवी सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!