[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय में 72 घंटे से फटी पाइपलाइन, घरों में घुसा पानी, त्योहार पर पेयजल संकट

Connect With Social Media

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मुगलसराय के पड़ाव सुजाबाद स्थित वार्ड नंबर 48 में पिछले लगभग 72 घंटे से पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन फटी हुई है। इस लीकेज के कारण लाखों लीटर पानी लगातार बर्बाद हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

पाइपलाइन से तेज बहाव के कारण कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। वहीं, सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी बलराम कुमार मझवार ने बताया कि गली में पानी भर जाने से बुजुर्गों और बच्चों को काफी घूमकर आना-जाना पड़ता है।

इस लीकेज के कारण जिन घरों में इसी पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति होती थी, वहां पेयजल पूरी तरह ठप हो गया है। त्योहार के समय लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई है।

स्थानीय लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि मल्लू पटेल को इसकी सूचना दी है, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है। जलकल विभाग के जेई ने बताया कि मरम्मत के लिए मजदूरों को भेजा गया था, लेकिन त्योहार के कारण उनके नशे में होने से काम नहीं हो पाया।

स्थानीय निवासी संदीप कुमार पटेल के अनुसार, मिट्टी के दबाव के कारण पाइपलाइन फटी है और लाखों लीटर पानी बह रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। निवासियों ने संबंधित विभाग से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। संजय जायसवाल, संजय पासवान, लीलावती देवी, सुनील, सोनू गुप्ता, इरफान, इमरान, सचिन पटेल, सीमादेवी, मालती देवी, सरिता देवी, अजय कुमार और विजय सहित कई लोगों ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!