
मुगलसराय गोपालपुर में जमीन विवाद का मामला सामने आया है, जहां जमीन खरीदने वाले युवक ने स्थानीय व्यक्ति पर जान से मारने की धमकी और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
नवंबर में खरीदी थी 10 बिस्सा जमीन
पीड़ित संदीप पटेल ने बताया कि उन्होंने नवंबर माह में गोपालपुर में 10 बिस्सा जमीन खरीदी थी। 4 तारीख को वह अपनी जमीन देखने और वहां कार्य शुरू कराने पहुंचे थे। उसी दौरान बदरेआलम उर्फ रिंकू पुत्र मसीउल्लाह वहां पहुंचे और आपत्ति जताने लगे।
संदीप पटेल के अनुसार, आरोपित ने कहा कि यह जमीन ग्राम सभा की है और खुद को वहां का प्रधान बताते हुए उन्हें वहां से चले जाने को कहा। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और दोबारा जमीन पर आने पर गोली मारने की धमकी दी गई। यहां तक कि जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफन कर देने की बात भी कही गई।
25 तारीख को फिर पहुंचे तो दोबारा विवाद
संदीप पटेल ने बताया कि 25 तारीख को वह अपने कुछ रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ जमीन पर कार्य कराने पहुंचे, जहां फिर से बदरेआलम उर्फ रिंकू ने आपत्ति की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई। उनका कहना है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें जमीन पर काम नहीं करने दिया जाएगा।
एसपी को दी गई लिखित शिकायत
संदीप पटेल ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।