
मुग़लसराय(चंदौली)- होली के पर्व पर बिहार में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए यूपी पुलिस तल्ख तेवर अख्तियार करते हुए लगातार शराब माफियाओ के नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल कर रही है। एक के बाद शराब तस्कर पकड़े जा रहे हैं। अभी प्याज के बोरियो के बीच शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया ही था कि अब अलीनगर पुलिस ने आलू की बोरियो के बीच शराब की खेप पकड़ कर तस्करों के मंसूबे पर पानी फेर दिया है।
ताजा मामला अलीनगर थानाक्षेत्र का है जहाँ पुलिस ने होली से पहले एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 9200 लीटर अवैध शराब बरामद की है। यह कार्रवाई अलीनगर थाना क्षेत्र में हाईवे-19 पर देर रात चेकिंग के दौरान की गई, जहां एक संदिग्ध ट्रक से शराब जब्त की गई और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम रात्रि गश्त और सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक ट्रक संदिग्ध हालत में गुजरता दिखा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर आलू के बोरे लदे हुए थे, जिनके नीचे अवैध शराब की खेप छिपाई गई थी।गहन जांच के बाद पुलिस ने बोरों के अंदर छिपाकर रखी गई लगभग 9200 लीटर अवैध शराब बरामद की।
इस संबंध में थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि यह शराब राजस्थान से बिहार में अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी की आशंका को देखते हुए हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।