
मुगलसराय- बाजार होली के त्योहार के लिए सज गया है। सोमवार देर रात तक बाजार में खरीदारों की भीड़ देखी गई। रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर विशेष रूप से बच्चों में उत्साह है। इस बार बंदूक और तलवार के आकार वाली पिचकारियों की मांग सबसे अधिक है।
बाजार में साउंड वाली पिचकारियों के साथ-साथ आकर्षक मुखौटे, रेशमी बाल और प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर वाली पिचकारियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। त्रिशूल और गदा के आकार की पिचकारियां भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

पिछले वर्ष की तुलना में पिचकारियों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इस मूल्य वृद्धि का खरीदारी पर कोई खास असर नहीं दिख रहा है और ग्राहक उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं।
होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा, जबकि 24 फरवरी से होलाष्टक की शुरुआत हो चुकी है। बाजार में त्योहार का असर साफ देखा जा सकता है। नगर के सुभाष पार्क के पास दुकानें सजी हैं, वहीं जीटी रोड पर 20 से अधिक अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं।

परचून की दुकानों पर भी रंग, पिचकारी और अबीर-गुलाल की बड़ी खेप मंगाई गई है। दुकानदारों के अनुसार, पारंपरिक भुट्टा पिचकारी 10 रुपये में उपलब्ध है, जबकि प्रेशर पिचकारियों की कीमत 100 से 500 रुपये तक है। सिलिंडर और साउंड युक्त पिचकारियां 300 से 600 रुपये के बीच बिक रही हैं।

पिचकारियों के अलावा, कपड़े की दुकानों और मॉल में भी खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। मॉल द्वारा दिए जा रहे विशेष ऑफर्स का भी लोग खूब लाभ उठा रहे हैं।
दुकानदार लखन ने बताया कि बाजार में प्रधानमंत्री मोदी थीम वाली पिचकारियों और मास्क की मांग सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार को लेकर बाजार में काफी भीड़ है और गुलाल तथा पिचकारी की बिक्री में तेजी देखी जा रही है।