
सकलडीहा (चंदौली)- सकलडीहा इंटर कॉलेज का विशाल खेल मैदान इन दिनों विभागीय व प्रशासनिक उदासीनता का शिकार बना हुआ है। कभी विभिन्न शैक्षिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र रहा यह मैदान आज बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। मैदान के बड़े हिस्से में बरसाती पानी भर गया था, जिससे वह गढ़ई अब तालाब रूप ले चुका है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि स्थानीय बच्चे गंदे पानी में मछली पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। मैदान में जलभराव के साथ-साथ चारों ओर गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। आसपास के लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गौरतलब है कि इंटर कॉलेज का यह ग्राउंड क्षेत्र का सबसे बड़ा मैदान माना जाता है, जहां समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं, राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन और अन्य सार्वजनिक राजनैतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। वर्तमान स्थिति में मैदान के आधे हिस्से की उपयोगिता लगभग समाप्त हो गई है, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद गतिविधियों से वंचित होना पड़ रहा है।
स्थानीय अभिभावकों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा मैदान को पुनः उपयोगी बनाया जाए ग्राउंड में साफ सफाई और चारो तरफ वृक्ष लगा कर उसे सुंदर बनाया जाए ताकि आस पास सुंदर प्रदूषण रहित वातावरण बनाया जा सके। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में लोग मछली पालना भी शुरू कर देंगे स्थिति और भी विकट हो सकती है।अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और प्रशासन कब तक इस समस्या का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करते हैं।