[smartslider3 slider="2"]

जमीनी विवाद में पूर्व प्रधान को धमकीः पुलिस से शिकायत के बाद जान से मारने की मिल रही धमकी

Connect With Social Media

चंदौली  अशोक कुमार जायसवाल जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गौपालपुर निवासी पूर्व प्रधान हरिद्वार पटेल ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना 26 फरवरी 2026 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद उनके साले संदीप पटेल से जुड़ा है, जो अलीनगर के जिवधीपुर निवासी हैं। संदीप पटेल अपनी आराजी संख्या 107 पर बाउंड्री निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान संदीप कुमार सिंह और अजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य रुकवा दिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और 112 नंबर पर कॉल कर मामले की सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर 25 फरवरी 2026 को पूर्व प्रधान हरिद्वार पटेल अपने साले के साथ औद्योगिक नगर चौकी पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें एसडीएम कार्यालय में दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की सलाह दी। साथ ही निर्देश दिया गया कि जब तक मामले का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक जमीन पर यथास्थिति बनाए रखी जाए और कोई नया निर्माण न किया जाए।पूर्व प्रधान का आरोप है कि 26 फरवरी 2026 को वह अपने साले के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र देने गए थे। वहां से निकलने के लगभग 15 मिनट बाद उनके मोबाइल पर संदीप सिंह का फोन आया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज की गई और अधिकारियों से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। हरिद्वार पटेल ने दावा किया है कि उन्होंने पूरी बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली है।

उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी सौंपी है।

पीड़ित ने मुख्यमंत्री से भी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

औद्योगिक नगर चौकी इंचार्ज सूरज रावत ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। यह जमीन से जुड़ा मामला है, जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!