
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर(चन्दौली)- मुगलसराय में एक बार फिर नाली का गंदा पानी नवनिर्मित सीसीरोड पर बहाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस संबंध में पहले भी शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन इसके बावजूद यह अवैध और अस्वच्छ कार्य लगातार जारी है।
मामला वार्ड नंबर 19, लॉठ नंबर 2, नगिना चाय वाले के समीप से विकासनगर तक बनाई गई सड़क का है जहाँ स्थानीय लोगो का आरोप है कि शिकायत के बावजूद न तो कोई कार्रवाई की गई है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा है। इस स्थिति को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस संबंध में डॉ. पल्लव प्रजापति ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी बहने से संक्रामक और त्वचा संबंधी कई बीमारियां फैल सकती हैं।
इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जहां से सहयोग का आश्वासन मिला था। अन्य संबंधित अधिकारियों को भी इस स्थिति से अवगत कराया गया था। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तुरंत मौके पर निरीक्षण करने, जिम्मेदार कर्मचारियों या ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क तथा नाली व्यवस्था को सही तरीके से सुधारने की अपील की है।
आपको बतादे कि सीसी रोड निर्माण के बाद 28 दिनों तक नमी बरकरार रखने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा निरंतर जल छिड़काव किया जाने का प्रावधान है लेकिन सड़क पर एक दिन पानी डालने के बाद पूरी सड़क को ठेकेदार द्वारा ऐसे ही टूटने के लिए छोड़ दिया गया।इस संबंध में वार्ड 7 के सभासद संतोष कुमार कई बार चेयरमैन से शिकायत कर चुके लेकिन कोई रिस्पॉन्स नही मिला हालांकि एक बार तीसरी आंख द्वारा अधिशासी अधिकारी को सूचना देने पर एक या दो दिन टैंकर आया लेकिन छिड़कर की खानापूर्ति हुई।पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी जांचने नही आया कि सड़क बनने के बाद किस हालत में है।
(अशोक जायसवाल की रिपोर्ट)