
मुगलसराय- रंगों के पर्व होली को लेकर उत्साह चरम पर है। सोमवार को विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में महिलाओं ने विधि-विधान से होलिका पूजन किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाएं अपने बच्चों के साथ होलिका स्थल पर पहुंचीं और मंगल गीत गाते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालु आंचल अग्रवाल ने बताया कि वे लोग होलिका की पूजा करने आए हैं। उनके समाज में सुबह ठंडी होली की पूजा होती है और इस दिन व्रत भी रखा जाता है। यह व्रत बच्चों की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए किया जाता है।

उन्होंने आगे बताया कि वे रोडाली-सांवरिया की पूजा करते हैं और कच्चे सूत से फेरे लगाते हैं। चना और गेहूं की बालियां चढ़ाकर परिवार की समृद्धि की कामना की जाती है।


मयूर अग्रवाल ने जानकारी दी कि वे सब परिवार के साथ ठंडी होली माता की पूजा के लिए एकत्र हुए हैं। पंडितों के अनुसार, आज की पूजा का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि होलिका दहन 2 मार्च को होगा, जबकि रंगों की होली 4 मार्च को पूरे परिवार के साथ मनाई जाएगी।